मोबाइल फॉरेंसिक वैन से अपराध जांच को मिलेगा तकनीकी संबलः पुलिस कमिश्नर

इंदौर:नगरीय इंदौर में अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट को चार अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन मिली हैं. पुलिस कमिश्नर ने सोमवार को इन वैन का निरीक्षण कर इनके प्रभावी उपयोग के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए.निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने वैन में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली तथा घटनास्थल से साक्ष्य के संकलन, संरक्षण और विश्लेषण में इनके बेहतर उपयोग पर अधिकारियों से चर्चा की. उन्होंने स्पष्ट किया कि इन वैन की मदद से मौके पर ही वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने और जांच को मजबूत करने में मदद मिलेगी. नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, गांधीनगर द्वारा डिजाइन की गई ये वैन अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हैं.

इनमें स्टीरियो माइक्रोस्कोप, वेइंग स्केल, डीएसएलआर कैमरा, मिनी रेफ्रिजरेटर, एलईडी स्क्रीन, थर्मल प्रिंटर और बॉडी-वियर कैमरे शामिल हैं. साथ ही अपराध स्थल सुरक्षा किट, रक्त व बाल पहचान किट, हाई इंटेंसिटी फॉरेंसिक लाइट, फुटप्रिंट व टायर मार्क कास्टिंग किट, आगजनी जांच किट, साक्ष्य पैकिंग किट, गनशॉट रेसिड्यू किट, नशीले पदार्थों की जांच किट, विस्फोटक डिटेक्शन किट और डीएनए सैंपल कलेक्शन किट भी उपलब्ध कराई हैं. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच पद्धतियों के उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली अधिक परिणाममुखी बनती है. इन वैन की उपलब्धता से घटनास्थल पर तुरंत विशेषज्ञ सहायता मिल सकेगी, जिससे साक्ष्यों का सुरक्षित संरक्षण और अपराधों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण में मदद मिलेगी.

गंभीर मामलों में अधिकतम उपयोग करें
उन्होंने निर्देश दिए कि गंभीर और संवेदनशील मामलों में इन वैन का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि साक्ष्यों के वैज्ञानिक परीक्षण के आधार पर मजबूत विवेचना की जा सके. इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह, अन्य पुलिस उपायुक्त एवं सभी जोन के वैज्ञानिक अधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने वैन की कार्यप्रणाली को समझते हुए अपराध अनुसंधान को और सुदृढ़ बनाने के लिए इनके प्रभावी उपयोग की प्रतिबद्धता जताई

Next Post

कबाड़े में लगी विकराल आग से तीन बाइक खाक

Tue Jun 16 , 2026
सीहोर। कोतवाली चौराहे के समीप सोमवार तड़के कबाड़े के ढेर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें पास के तीन मंजिला मकान की ऊंचाई तक पहुंच गईं. वहां खड़ी तीन बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गईं. स्थानीय लोगों […]

You May Like