मोदी को मिला स्लोवाकिया का सर्वोच्च राजकीय सम्मान

नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान “द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस, फर्स्ट क्लास” से सम्मानित किया है।

स्लोवाकिया की तीन दिन की यात्रा पर गए श्री मोदी को राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने सोमवार रात एक विशेष समारोह में स्लोवाकिया के सर्वोच्च राजकीय सम्मान, “द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस, फर्स्ट क्लास” से सम्मानित किया।

प्रधानमंत्री ने इस विशिष्ट सम्मान के लिए राष्ट्रपति, स्लोवाकिया की सरकार और जनता के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। सम्मान स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत के 1.4 अरब लोगों तथा भारत और स्लोवाकिया के बीच स्थायी मैत्री संबंधों को समर्पित है।

प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत और स्लोवाकिया के लोगों को जोड़ने वाली आत्मीयता, विश्वास और स्नेह का प्रमाण बताते हुए आशा व्यक्त की कि यह सम्मान दोनों देशों की भावी पीढ़ियों को उनकी विशेष मित्रता को आगे भी सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा।

यह प्रधानमंत्री मोदी को मिलने वाला 33वां अंतरराष्ट्रीय या वैश्विक सम्मान है।

श्री मोदी जी 7 देशों के 52वें शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज फ्रांस के एवियन शहर के लिए रवाना होंगे।

भारत इस सम्मेलन में भागीदार देश के रूप में हिस्सा ले रहा है।

Next Post

फीफा विश्वकप: सऊदी अरब बनाम उरुग्वे मुकाबला 1-1 से रहा ड्रा

Tue Jun 16 , 2026
मियामी 16 जून (वार्ता) सऊदी अरब और उरुग्वे के बीच खेला गया फीफा विश्वकप 2026 ग्रुप एच का मुकाबला दोनों ओर से आक्रामक प्रदर्शन के बावजूद 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसी के साथ ग्रुप एच में सभी टीमें एक-एक अंक पर बराबरी पर आ गईं। यहां खेले गये […]

You May Like