
शुजालपुर, शहर के रेलवे अंडरब्रिज क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बार फि र रेलवे ट्रैक पर गोवंश पहुंचने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया.
इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 20911 के सामने अचानक तीन सांड लड़ते हुए रेलवे पटरी पर आ गए. ट्रेन के लोको पायलट ने हार्न लगातार बजाते हुए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन की गति नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन दो सांड ट्रेन की चपेट में आ गया, जिसमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य सांड घायल हो गए. एक घायल सांड ट्रेक पर ही फंस गया था, लोको पायलेट ने धीमी गति से ट्रेन को निकाला. घटना सुबह लगभग 8 बजे शुजालपुर रेलवे स्टेशन के समीप अंडरब्रिज क्षेत्र में हुई, हादसे के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 10 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही. रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और ट्रैक को सुरक्षित किए जाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया.
बाउंड्री के बावजूद नहीं रुक रहे हादसे
रेलवे द्वारा ट्रैक के किनारे कई स्थानों पर मेटल फेंसिंग और सुरक्षा बाउंड्री बनाई गई है, लेकिन इसके बावजूद गोवंश ट्रैक तक पहुंच रहा है. विशेष रूप से अंडरब्रिज और खुले हिस्सों के आसपास यह समस्या अधिक देखने को मिल रही है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार गोवंश को ट्रैक से दूर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर विचार किया जा रहा है. क्षेत्रवासियों ने रेलवे और प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक के आसपास घूम रहे आवारा गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में मजबूत फेंसिंग और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
एक सप्ताह में दूसरी घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना है, जब गोवंश के रेलवे ट्रैक पर पहुंचने से यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश खुले में घूम रहा है, जो अक्सर रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाता है.
