कुलगुरु ने राज्यपाल को सौंपा दीक्षांत समारोह का निमंत्रण

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने लोक भवन में राज्यपाल मंगु भाई पटेल से भेंट की और उन्हें समारोह का औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले इस विशेष गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल होंगी, जिसकी आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। इससे पहले कुलगुरु के आमंत्रण पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में आने की अपनी सहमति दे चुके हैं, जिससे इस पूरे आयोजन की महत्ता काफी बढ़ गई है। समारोह को पूरी तरह सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए सुरक्षा, मंच व्यवस्था और मेहमानों के सत्कार से जुड़े सभी कार्यों को संबंधित विभागों द्वारा तेज गति से पूरा किया जा रहा है।

उच्च अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा

दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने विश्वविद्यालय का दौरा कर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, एडीशनल एसपी आयुष घाकड़, अपर संचालक कोष एवं लेखा रोहित सिंह कौशल एवं अन्य अधिकारियों ने प्रभारी कुलगुरु प्रो. राकेश बाजपेयी, मुख्य संयोजक प्रो. एस. एस. संधू एवं कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल के साथ-साथ विभिन्न समितियों के संयोजकों से आयोजन के प्रत्येक पहलुओं एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर हो रही व्यवस्थाएं

विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के मुख्य संयोजक प्रो. एस. एस. संधु और प्रो. राकेश बाजपेयी ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री को गरिमामय निमंत्रण भेजा गया था, जिस पर सभी अतिथियों की आधिकारिक स्वीकृति मिल चुकी है। वीवीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा मानकों, मंच प्रबंधन, सिटिंग अरेंजमेंट और प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को तेजी से फाइनल किया जा रहा है। समारोह की गरिमा बनाए रखने के लिए हर बारीक स्तर पर काम हो रहा है और सभी समितियों को उनकी जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने बताया कि दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के आगमन समय और किट वितरण की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके तहत स्वर्ण पदक धारियों एवं उपाधि धारकों को उनके पहचान-पत्र समारोह से पूर्व ही वितरित किये जायेंगे, जिससे आयोजन के दिन व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही विशिष्ट अतिथियों की आवासीय व आतिथ्य संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गयी, जिसमें विशेष रूप से सर्किट हाउस व अन्य उपयुक्त स्थलों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा की गयी। आयोजन समिति की बैठक में समारोह में आमंत्रित किए जाने वाले विशिष्ट अतिथियों व मेहमानों की सूची को अंतिम रूप देने, उनके स्वागत-सत्कार तथा प्रोटोकॉल संबंधी विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया है।

Next Post

युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला

Mon Jun 15 , 2026
छिन्दवाड़ा. मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में भाजपा सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त के माध्यम से कांग्रेस की एक सीट की चोरी की है। जिससे आक्रोशित युवक कांग्रेस ने महात्मा गांधी चौक पर जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। युकां ने कहा कि अभी तक देश में […]

You May Like