
उज्जैन। ट्रेन में मादक पदार्थ के साथ यात्रा कर रहे युवक की सूचना मिलने पर आरपीएफ ने ट्रेन के उज्जैन पहुंचते ही सर्चिंग शुरू की और एस-1 कोच में सवार युवक को हिरासत में लिया। उसके पास से 80 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। जिसे इंदौर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सुपुर्द किया गया है। आरपीएफ निरीक्षक नरेन्द्र यादव ने बताया कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अमित प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में जयपुर मनारगुडी से एक्सप्रेस से ड्रग्स तस्करीम का इनपुट मिला था। ट्रेन के उज्जैन पहुंचने पर स्टाफ के साथ चेकिंग शुरू की गई। कोच एस-1 में पिट्टू बैग लेकर बैठे युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया और बैग की तलाशी ली तो उसमें से 80 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हो गई। युवक को कोच से आरपीएफ पोस्ट लाया गया। जहां पूछताछ में उसका नाम राजू विश्नोई पिता भंवरलाल निवासी ग्राम पीथावास जिला जोधपुर होना सामने आया। उसके पास से बरामद ड्रग्स 10 लाख रुपए कीमत की होना सामने आई है। युवक को इंदौर नारकोटिस कंट्रोल ब्यूरो के सुपुर्द किया गया है जहां उससे पूछताछ कर ड्रग्स तस्करी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
