​सागर के 5 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी नीट परीक्षा

सागर। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (RE-NEET UG 2026) के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने समीक्षा बैठक की। कलेक्टर ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने और परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। यह परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। नीट परीक्षा के सिटी कोऑर्डिनेटर मनीष गुप्ता ने बताया कि सागर शहर में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसमें आर्मी पब्लिक स्कूल,शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर , पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, सागर (केंट), शासकीय कन्या स्वशासी पीजी कॉलेज, सागर (बस स्टैंड के पास) और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-3, सागर (राजघाट रोड) शामिल हैं।

परीक्षा दिवस के लिए कलेक्टर के कड़े और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े नियम लागू रहेंगे और पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। प्रत्येक केंद्र पर महिला पुलिसकर्मी या होमगार्ड तैनात रहेंगी और एएसआई या हेड कांस्टेबल स्तर के जिम्मेदार पुलिस अधिकारी सुरक्षा कमान संभालेंगे। परीक्षा के दौरान बिजली कटौती से निपटने के लिए प्रत्येक केंद्र पर जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

मौसम को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों/संरक्षकों के बैठने के लिए वॉटरप्रूफ टेंट और छाया की व्यवस्था की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल के साथ-साथ परीक्षार्थियों के लिए ग्लूकोज और ओआरएस की उपलब्धता अनिवार्य रहेगी। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष में एक एम्बुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रहेगी। साथ ही हर केंद्र पर मेडिकल किट के साथ पैरामेडिकल स्टाफ, स्टाफ नर्स या एएनएम तैनात रहेंगी।

क्लॉक-रूम व सुगम ट्रैफिक व्यवस्था:

परीक्षार्थियों का सामान सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर क्लॉक-रूम (Cloakroom) बनाया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के बाहर ऑटो रिक्शा या अन्य वाहनों के कारण जाम की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात पुलिस की विशेष गश्त सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी केंद्र अधीक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा की शुचिता और गरिमा हर हाल में बनी रहे और किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा हेतु आवश्यक सुरक्षा के दृष्टिगत पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, केन्द्र पर निर्देशानुसार पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द जैन, नीट परीक्षा के सिटी कोऑर्डिनेटर मनीष गुप्ता मौजूद रहे।

Next Post

बंदियों के कल्याण हेतु राज्य विधिक सेवा द्वारा योग अभियान का हुआ शुभारंभ

Mon Jun 15 , 2026
जबलपुर। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मध्यप्रदेश की विभिन्न जेलों में निरुद्ध बंदियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सप्ताह भर चलने वाले प्रदेशव्यापी योग अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन सोमवार को […]

You May Like