इंदौर: जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मंडी प्रशासन के संयुक्त समन्वय से देवी अहिल्याबाई फल-सब्जी मंडी चोइथराम मंडी में ‘क्लीन मंडी अभियान’ लगातार संचालित किया जा रहा है. अभियान का मुख्य उद्देश्य मंडी परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाते हुए किसानों एवं व्यापारियों के हितों का संरक्षण करना है.
ओपी खेड़े ने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम के सहयोग से मंडी में 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
कचरे का नियमित और त्वरित उठाव किया जा रहा है तथा जैविक कचरे से खाद और गैस बनाने की प्रक्रिया को भी गति दी गई है, जिससे मंडी परिसर अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित हुआ है. ओपी खेड़े के अनुसार यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वाहनों हेतु अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं. नो-पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है तथा व्यस्त समय में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है. साथ ही सवारी ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और निजी कारों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे जाम की समस्या में कमी आई है और आवागमन सुगम हुआ है.
संदिग्धों पर कानूनी कार्रवाई जारी
उन्होंने बताया कि मंडी के मुख्य मार्गों और फुटपाथों से अवैध अतिक्रमण हटाकर सड़कों को चौड़ा किया गया है. इससे किसानों, व्यापारियों और अन्य लोगों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गई है. सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है. जेबकतरों, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी है.
किसानों, व्यापारियों को लाभ
ओपी खेड़े ने बताया कि इस अभियान का सीधा लाभ किसानों और व्यापारियों को मिल रहा है. किसानों को मंडी में उपज लाने में समय की बचत हो रही है, बेहतर वातावरण मिल रहा है और उनकी फसल की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है. वहीं व्यापारियों को सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था माल की लोडिंग-अनलोडिंग में सुविधा तथा सुरक्षित और भयमुक्त व्यापारिक माहौल का लाभ प्राप्त हो रहा है.
