
नयी दिल्ली, 20 जनवरी (वार्ता) केन्द्र सरकार की उत्पादन से सम्बद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत एयर कंडीशनर (एसी) और एलईडी उद्योग क्षेत्र में इनके हिस्से पुर्जों के विनिर्माण के लिए प्रस्तुत तीसरे दौर के आवेदनों के अंतर्गत 24 कम्पनियों के प्रस्तावों को मजूरी दी गयी है, जिनमें कुल 3,516 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि इस योजना से पूरे भारत में एसी और एलईडी लाइट के कलपुर्जों के उत्पादन को काफी बढ़ावा मिलने की आशा है। इन प्रस्तावों में 2059.05 एसी के कल पुर्जों से संबंधित हैं।
पीएलआई योजना में ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किए जाने के तीसरे तीसरे अवसर में कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनकी समीक्षा के बाद सरकार ने 18 नई कम्पनियों को योजना के लाभ के लिए चयन किया है।
विज्ञप्ति के अनुसार इन कंपनियों में एसी के कलपुर्जों के 10 निर्माता और एलईडी लाइट के 8 निर्माता शामिल हैं जिन्होंने 2,299 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
इसके अतिरिक्त, छह मौजूदा पीएलआई लाभार्थी कंपनियों को उच्चतर निवेश श्रेणियों में अपग्रेड करने के लिए अनंतिम रूप से चुना गया है। ये कंपनियां 1,217 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेंगी।
इसी तरह दो मौजूदा आवेदकों सहित 13 आवेदकों को जांच और उसकी सिफारिशों के लिए विशेषज्ञों की समिति (सीओई) के पास भेजा जा रहा है।
मंत्रालय ने कहा है कि आवेदकों में से एक ने आवेदन वापस ले लिया है। कुल मिलाकर, श्वेत वस्तुओं (एयरकंडीशनर वाशिंगमशीन, ड्रायर-आदि घरेलू उपयोग के विद्युत उपकरणों) के लिए पीएलआई योजना के अंतर्गत कुल 84 कंपनियां 10,478 करोड़ रुपये का निवेश लाने वाली हैं। इनके निवेश से 1,72,663 करोड़ रुपये का उत्पादन होने का अनुमान है। इससे पहले से इस क्षेत्र में विनिर्माण क्षमताओं और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विज्ञप्ति के अनुसार एयर कंडीशनर के लिए, कंपनियां कम्प्रेसर, कॉपर ट्यूब (आईडीयू या ओडीयू के लिए प्लेन और/या ग्रूव्ड कंट्रोल असेंबली, हीट एक्सचेंजर्स और बीएलडीसी मोटर्स आदि जैसे घटकों का निर्माण करेंगी।
इसी तरह, एलईडी लाइट्स, एलईडी चिप पैकेजिंग, एलईडी ड्राइवर्स, एलईडी इंजन, एलईडी लाइट मैनेजमेंट सिस्टम और कैपेसिटर आदि के लिए मेटलाइज्ड फिल्म्स का निर्माण भारत में किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सात अप्रैल 2021 को 6,238 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ (एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट) के लिए उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना को स्वीकृति दी थी। इसे वित्त वर्ष 2021-22 से वित्त वर्ष 2028-29 तक लागू किया जाएगा।
श्वेत वस्तुओं पर पीएलआई योजना भारत में एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट्स उद्योग के लिए एक मजबूत घटक इकोसिस्टम बनाने और भारत को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं का एक अभिन्न अंग बनाने के लिए डिज़ाइन की गई है।
इस योजना में अतिरिक्त बिक्री पर पांच वर्षों तक घटती हुई दर से छह से चार प्रतिशत की दर से प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसमें प्रारंभिक वर्ष और उसके बाद एक वर्ष के गर्भाधानकाल के बाद की बिक्री को शामिल किया जाएगा।
इससे इन वस्तुओं के विनिर्माण में घरेलू मूल्य-संवर्धन (देश में तैयार हिस्से-पुर्जों का हिस्सा) बढ़ कर बढ़कर 75-80 प्रतिशत होने की उम्मीद है। घरेलू मूल्य-संवर्धन वर्तमान में 15-20 प्रतिशत के बीच है।
एयर कंडीशनर (प्रारंभिक अवधि वित्त वर्ष 2021-23) के लिए स्वीकृत कुछ प्रमुख लाभार्थियों में जुपिटर एल्युमिनियम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने हीट एक्सचेंजर्स के लिए पन्नी या पंखों के लिए एल्यूमीनियम का माल बनाने की योजना पर 618 करोड़ रुपये का निवेश करने वाली है।
इसी तरह राम रत्न वायर्स लिमिटेड तांबे की ट्यूब (सादा और/या नालीदार) तथा हीट एक्सचेंजर्स के लिए पन्नी या पंखों के लिए एल्यूमीनियम की चीजों के वनिर्माण पर 253 करोड़ रुपये का निवेश, एसएमईएल स्टील स्ट्रक्चरल प्राइवेट लिमिटेड ने हीट एक्सचेंजर्स के लिए पन्नी या पंखों के लिए एल्यूमीनियम स्टॉक परियोजना पर 541.29 करोड़ रुपये,
वोल्टास कंपोनेंट्स प्रा. लि. (पूर्व नाम हाई-वोल्ट एंटरप्राइजेज) तेल मुक्त और उच्च क्षमता सहित कंप्रेसर के निर्माण संत्र पर 256.73 करोड़ रुपये, नेक्स्ट जनरेशन मैन्युफैक्चरर्स प्रा. लि. प्लास्टिक मोल्डिंग घटक, डिस्प्ले पैनल (एलसीडी/एलईडी),मोटर, हीट एक्सचेंजर्स,शीट मेटल के हिस्से पुर्जे, आईडीयू या ओडीयू या रिमोट के लिए नियंत्रण असेंबली तथा क्रॉस फ्लो फैन (सीएफएफ) पर 121.35 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
नीमराणा स्टील सर्विस सेंटर इंडिया, क्लैड मेटल इंडिया ,मल्होत्रा इलेक्ट्रॉनिक्स, एमआईआरसी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और स्माइल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने भी एसी के अलग अलग घटक बनाने के लिए प्रस्ताव दिए हैं।
इसी तरह एलईडी लाइट्स (प्रारंभिक अवधि वित्त वर्ष 2021-23) क्षेत्र के लिए इकियो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, ल्यूमैक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड, ल्यूमैक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड, नियोलाइट जेडकेडब्लू लाइटिंग्स प्रा.लि., ध्रुव इंडस्ट्रीज लिमिटेड,ऊनो मिंडा लिमिटेड, एचक्यू लैंप्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनी और इंटेलक्स इलेक्ट्रॉनिक्स, हेला इंडिया की ओर से विभिन्न घटकों का निर्माण करने के लिए प्राप्त प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है। इनमें कुल 239.82 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की गयी है।
