परसवाड़ा में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, व्यक्ति की मौत; दो आरोपी हिरासत में

बालाघाट। जिले के परसवाड़ा थाना परसवाड़ा क्षेत्र अंतर्गत रविवार सुबह पुराने अस्पताल के सामने हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहगांव निवासी अनिल गोले (53 वर्ष) रविवार सुबह अपने पुत्र मनीष गोले के साथ पुराने अस्पताल के सामने स्थित सैलून की दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी पंकज ठाकरे एवं उनके पिता फगलाल ठाकरे से दुकान के पास रखी ईंटों को हटाने की बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे अनिल गोले पर ईंट फेंकी गई, जिससे वे घायल हो गए। घटना में उन्हें नाक एवं पीठ पर चोटें आईं।

घटना के बाद अनिल गोले अपने पुत्र के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा रहे थे। इसी दौरान थाना परिसर के सामने उनकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस द्वारा उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसवाड़ा पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मनीष गोले की शिकायत पर थाना परसवाड़ा में अपराध क्रमांक 80/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

मामले में नामजद आरोपी पंकज ठाकरे (39 वर्ष) एवं फगलाल ठाकरे (68 वर्ष), निवासी ग्राम चंदना, को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज करने की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी अरविंद शाह तथा थाना प्रभारी जी.एल. अहिरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उसे सील कर दिया है तथा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।मामले की जांच की जा रही है।

Next Post

आंधी-तूफान में गुल हो रही 25 गांवों की बत्ती; अधिकारियों के फोन न उठाने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Sun Jun 14 , 2026
बिलकिसगंज। बरखेड़ी विद्युत केंद्र से जुड़े लगभग 25 गांवों में आंधी-तूफान के दौरान होने वाले विद्युत फाल्ट से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने नई चंदेरी स्थित ट्रांसफार्मर के पास प्रदर्शन कर विद्युत विभाग और प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित कर आरोप […]

You May Like