राहुल के जन्मदिन पर कांग्रेस अयोजित करेगी महा रोजगार मेला

नयी दिल्ली, 14 जून (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर 19 जून को कांग्रेस यहां ताल कटोरा स्टेडियम में ‘महा रोजगार मेला’ आयोजित करेगी, जिसमें 150 से अधिक कंपनियां और संस्थान युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने रविवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन मे कहा कि मेला 19 जून को सुबह 10 बजे से शुरू होगा जिसमें 10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर तक के युवा अपनी योग्यता के अनुसार साक्षात्कार दे सकेंगे। इसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया निशुल्क होगी। क्यूआर कोड स्कैन कर युवा कांग्रेस की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है, जबकि ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जो युवा पहले पंजीकरण नहीं करा पाएंगे, वे 19 जून को तालकटोरा स्टेडियम पहुंचकर मौके पर भी पंजीकरण करा सकेंगे।

श्री चिब ने कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी होगी और चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले के बाद भी कांग्रेस का हेल्पलाइन नंबर एक महीने तक सक्रिय रहेगा, ताकि चयनित युवाओं को नौकरी ज्वाइन करने में किसी प्रकार की समस्या आने पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में बेरोजगारी और पेपर लीक के मामले रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गये हैं। पेपर लीक के 90 से अधिक मामले हो चुके हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की आलोचना करते हुए श्री चिब ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में नहीं है और सरकारी नौकरियां नहीं दे सकती लेकिन समाधान आधारित राजनीति के तहत निजी क्षेत्र के माध्यम से युवाओं को अवसर देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दिल्ली में 18 हजार युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से करीब सात हजार को रोजगार मिला था। इसी तरह जयपुर में तीन हजार और पटना में लगभग 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिले थे।

Next Post

भारत के साथ मिलकर वैश्विक नवाचार के अगले अध्याय की रचना करे विश्व समुदाय : मोदी

Sun Jun 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया भर के निवेशकों , अनुसंधानकर्ताओं, विश्वविद्यालयों और उद्योगपतियों से भारत के साथ मिलकर मानवता की भलाई के लिए नवाचार और समस्याओं का समाधान खोजने का आह्वान करते हुए कहा है कि नवाचार भारत के ‘डीएनए’ में है और उसने हजारों […]

You May Like