ग्वालियर: ग्वालियर-भिंड रेलखंड पर व ट्रेनों में बिना टिकट, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले, धुम्रपान करने वाले, गंदगी फैलाने वाले यात्रियों की धरपकड़ हेतु वृहद स्तर पर टिकट जांच अभियान चलाया गया I इस जांच अभियान में कुल 50 यात्रियों से रु.13,950 रेल राजस्व वसूल किया गया । इस अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक रूप सिंह मीना द्वारा किया गया, जिसमें चेकिंग स्टाफ के नल सिंह मीणा, अमर सिंह मीणा तथा मुनेश लाल मीना द्वारा विशेष भूमिका निभायी गयी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा ने बताया कि इस प्रकार के जांच अभियान निरंतर जारी रहेंगे। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे उचित यात्रा टिकट लेकर एवं निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ही यात्रा करें तथा रेल परिसर में धूम्रपान एवं गंदगी न फैलाएं।
15 जून को आयोजित होगी रेल पेंशन अदालत
उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में वर्ष 2026 की प्रथम पेंशन अदालत का आयोजन 15 जून (सोमवार) को किया जाएगा। यह पेंशन अदालत मंडल रेल प्रबंधक (कार्मिक), झाँसी के सभागार में सायं 4 बजे आयोजित होगी। पेंशन अदालत का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनधारकों की पेंशन संबंधी समस्याओं, शिकायतों एवं लंबित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर पेंशन, पारिवारिक पेंशन, सेवानिवृत्ति लाभों तथा अन्य संबंधित विषयों से जुड़े मामलों की सुनवाई कर उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। झाँसी मंडल प्रशासन ने सभी पात्र पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनधारकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं आवश्यक अभिलेखों सहित पेंशन अदालत में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
