हेमंत सोरेन झारखंड के तीसरी बार मुख्यमंत्री बने, पद और गोपनीयता की ली शपथ

रांची,04 जुलाई (वार्ता) झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष

हेमंत सोरेन ने आज यहां झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में तीसरी बार शपथ ली ।

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। श्री सोरेन ने आज अकेले शपथ ली। इस तरह हेमंत सोरेन झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री बन गए। तीन बार मुख्यमंत्री बनने वाले हेमंत सोरेन राज्य के तीसरे व्यक्ति है। उनसे पहले शिबू सोरेन और अर्जुन मुंडा झारखंड के तीन-तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, झारखंड के कार्यकारी मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, बादल पत्रलेख, दीपिका सिंह पांडेय समेत कई अन्य नेता और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

झारखंड बनने के समय 15 नवंबर 2000 को भाजपा के बाबूलाल मरांडी राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने। इनकी सरकार लगभग ढाई साल तक रही। इसके बाद 18 मार्च 2003को अर्जुन मुंडा को मुख्यमंत्री बनाया गया। वह लगभग दो साल तक मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद शिबू सोरेन 2 मार्च 2005 से 12 मार्च 2005 तक मुख्यमंत्री बने। 12 मार्च 2005 को फिर से अर्जुन मुंडा लगभग डेढ़ साल के लिए मुख्यमंत्री बने। 18 सिंतबर 2006 को निर्दलीय विधायक मधु कोड़ा मुख्यमंत्री बने। इनका कार्यकाल लगभग दो वर्ष का रहा।

इसके बाद 28 अगस्त 2008 को शिबू सोरेन दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, इनका कार्यकाल सिर्फ छह माह का रहा।इसके बाद 19 जनवरी 2009 को राज्य में पहली बार राष्ट्रपति शासन लगा।30 दिसंबर 2009 को तीसरी बार शिबू सोरेन छह माह के लिए मुख्यमंत्री बने। एक जून 2010 को दूसरी बार झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगा। 11 सितंबर 2010 को अर्जुन मुंडा तीसरी बार मुख्यमंत्री बने, लेकिन उन्हें लगभग ढ़ाई वर्ष में मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ा। 18 जनवरी 2013 को तीसरी बार राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा।इसके बाद 13 जुलाई 2013 को हेमंत सोरेन पहली बार मुख्यमंत्री बने, लेकिन इनका कार्यकाल भी डेढ़ साल का ही रहा। 28 दिसंबर 2014 को भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार में रघुवर दास मुख्यमंत्री बने, जिन्होंने अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया। 2019 के चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन की सरकार को पूर्ण बहुमत मिली और 29 दिसंबर 2019 को हेमंत सोरेन दूसरी बार मुख्यमंत्री बने।हालांकि ईडी की कार्रवाई की वजह से इन्हें 31 जनवरी को इस्तीफा सौंपना पड़ा। हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने के बाद चंपाई सोरेन को नया मुख्यमंत्री बनाया गया। चंपाई सोरेन ने 2 फरवरी 2024 को 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, लेकिन हेमंत सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद 3 जुलाई को उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। हेमंत सोरेन तीसरी बार 4 जुलाई 2024 को राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

Next Post

सेंसेक्स हुआ 80 हजारी

Thu Jul 4 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email मुंबई 04 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी आंकड़ों के आधार पर सितम्बर में फेड रिजर्व की ब्याज दर में कटौती की संभावना कम होने के बाद विश्व के शेयर बाजारों के रिकॉर्ड ऊंचाई को छूने की बदौलत स्थानीय स्तर […]

You May Like

मनोरंजन