मुम्बई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हराया

मुम्बई (वार्ता) अश्विनी कुमार (चार विकेट) और दीपक चाहर (दो विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद रायन रिकलटन (नाबाद 62) की शानदार पारी के दम पर सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 12वें मुकाबले में मुम्बई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हरा दिया। आईपीएल के इस सत्र में मुम्बई की पहली जीत है।

कोलकाता नाइट राइडर्स के 116 रन के स्कोर के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा और रायन रिकलटन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट लिए 46 रन जोड़े। छठें ओवर में रसल ने रोहित शर्मा (13) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद रसल ने विल जैक्स (16) को अपना दूसरा शिकार बनाया। मुम्बई ने 12.5 ओवर में दो विकेट पर 121 रन बनाकर आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया। रायन रिकलटन ने 41 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के लगाते हुए (62) रनों की मैच विजयी पारी खेली। सूर्यकुमार यादव ने नौ गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 27) रन बनाये।

कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आंद्रे रसल ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।

इससे पहले आज यहां मुम्बई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र दो रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गवां दिये। सुनील नारायण (शून्य) और क्विंटन डी कॉक (एक) रन बनाकर आउट हुये। ट्रेंट बोल्ट ने सुनील नारायण का बोल्ड किया। वहीं डीकॉक को दीपक चाहर ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद चौथे ओवर में अश्विनी कुमार ने कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) को अपना पहला शिकार बनाया। वेंकटेश अय्यर (तीन) को चाहर ने आउटकर अपना दूसरा विकेट लिया। जमने का प्रयास कर रहे अंगकृष रघुवंशी (26) को हार्दिक पंड्या ने आउट किया। इसके बाद अश्विनी कुमार ने रिंकू सिंह (17), मनीष पांडे (19) और आंद्रे रसल (पांच) को आउट कर कोलकाता की कमर तोड़ दी। कोलकाता का नौवां 15वें ओवर में विकेट हर्षित राणा (चार) के रूप में गिरा। मिचेल सैंटनर ने रमन दीप सिंह 12 गेंदों में (22) रन को आउटकर कोलकाता की पारी को 16.2 ओवर में 116 रन के स्कोर पर समेट दिया।

मुम्बई इंडियंस की ओर से अश्विनी कुमार ने तीन ओवरों में 24 रन देकर चार विकेट लिये। दीपक चाहर को दो विकेट मिले। ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पंड्या, विग्नेश पुथुर और मिचेल सैंटनर ने एक-एक विकेट लिये।

Next Post

राशिफल-पंचांग : 01 अप्रैल 2025

Tue Apr 1 , 2025
पंचांग 01 अप्रैल 2025:- रा.मि. 11 संवत् 2082 चैत्र शुक्ल तृतीया भौमवासरे दिन 9/25, भरणी नक्षत्रे दिन 2/55, विष्कुम्भ योगे दिन 1/27, गर करणे सू.उ. 5/52 सू.अ. 6/8, चन्द्रचार मेष रात 8/32 से वृषभ, पर्व- वैनायकी गणेश चतुर्थी व्रत, शु.रा. 1,3,4,7,8,11 अ.रा. 2,5,6,9,10,12 शुभांक- 3,5,9. ——————————————————– आज जिनका जन्म दिन […]

You May Like

मनोरंजन