सलामतपुर: भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 के मुक्तापुर गांव के पास स्थित वाटिका रेस्टोरेंट के सामने देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने जमकर कहर बरपाया। जन्मदिन की पार्टी में जा रहे युवकों की कार को जोरदार टक्कर मारने के बाद बेकाबू पिकअप ने रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी तीन अन्य कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। और 4 कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि सभी गाड़ियां बुरी तरह टूट फूट गई। जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
सूचना मिलते ही सलामतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर वाटिका रेस्टोरेंट के मालिक रवि संतवानी निवासी भोपाल की और से मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस और चश्मदीदों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। कुछ युवक एक कार में सवार होकर बैरसिया भोपाल से अपने रिश्तेदार के घर रातातलाई बड़नपुर गांव जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार सलामतपुर मुक्तापुर गांव के प्रसिद्ध वाटिका रेस्टोरेंट के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा विदिशा की और से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप एमपी04 जीए 6297 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए युवकों की मारुति फ्रॉन्स एमपी04 डब्लूए 0554 कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
बेकाबू पिकअप ने 4 कारों में मारी टक्कर
टक्कर मारने के बाद भी पिकअप की रफ्तार कम नहीं हुई और वह रेस्टोरेंट के बाहर बनी पार्किंग की तरफ मुड़ गई। बेकाबू पिकअप ने वहां लाइन से खड़ी तीन अन्य कारों को एक के बाद एक जोरदार ढंग से ठोक दिया। इनमें से एक कार हुंडई आई10 एमपी04 वाइएक्स 1895 जो वाटिका रेस्टोरेंट मालिक रवि संतवानी की थी, जबकि दो अन्य कारें एक सलामतपुर के पंकज अग्रवाल की मारुति ओमनी एमपी04 बीसी 2510 कार जो वहां खाना खाने आए ग्राहकों की थीं। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और रेस्टोरेंट में मौजूद लोग डरकर बाहर भागने लगे। इस हादसे में जन्मदिन की पार्टी में जा रहे युवकों की कार के परखच्चे उड़ गए। कार में पांच लोग वीरू मीणा, पंकज मीणा, विशाल मीणा, विक्रम मीणा और रामभरोसे मीणा बैठे थे। जिनमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और रेस्टोरेंट स्टाफ की मदद से जैसे-तैसे कार से बाहर निकाला गया। घायलों के चेहरे और कंधे में चोटें आईं हैं। चश्मदीदों के अनुसार, युवकों को काफी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। वहीं, रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी गाड़ियों के मालिक जब बाहर आए, तो अपनी कारों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त (छतिग्रस्त) देखकर सन्न रह गए।
घटना के बाद आरोपी चालक भीड़ के बीच ही छुपकर बैठ गया
इतनी बड़ी दुर्घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप ड्रायवर देवराज प्रजापति निवासी ग्राम कोठरी जिला आष्टा चालाकी से रेस्टोरेंट पर ही बैठ गया। लोगों ने सोचा कि वह मौके से फरार हो गया है। लेकिन उसके मोबाइल ने जो गाड़ी में ही छूट गया था ने उसे पकड़वा दिया। जैसे ही उसकी पहचान हुई तो भीड़ ने ड्रायवर को जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। ड्रायवर आष्टा से सोयाबीन भरकर विदिशा ले गया था और वापस आते समय उसने दुर्घटना को अंजाम दिया। वहीं सलामतपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना का कारण बनी बोलेरो पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है। और पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनका कहना है।
देर रात वाटिका रेस्टोरेंट के सामने तेज़ व लापरवाही से बोलेरो पिकअप वाहन ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। जिससे कारें छतिग्रस्त हो गईं। बोलेरो पिकअप ज़ब्त कर ड्रायवर देवराज प्रजापति के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
मेरी कार भी रेस्टोरेंट के बाहर ही खड़ी थी। और खाना खाने आए अन्य परिवारों की कार भी बाहर खड़ी थी। 4 कारें छतिग्रस्त होने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। वो तो गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नही हुई।
रवि संतवानी, वाटिका रेस्टोरेंट संचालक।
