
निवास । सरई थाना क्षेत्र के निवास चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहृत 10 वर्षीय बालक को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बंजारी निवासी फरियादिया ने चौकी निवास में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जून की सुबह वह अपने पाही घर गया था। शाम को उसके पुत्र ने फोन कर बताया कि 10 वर्ष 5 माह का उसका नाती घर से लापता है। परिजनों ने दो दिनों तक अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर चौकी निवास में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सरई में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सूचना मिली कि बालक मेमू ट्रेन में देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम और परिजनों को तत्काल रवाना किया गया। पुलिस ने जोबा रेलवे स्टेशन के पास मेमू ट्रेन से बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
