
ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर एक विधवा महिला की कहानी सुनकर भावुक हो गए। यह विधवा महिला अपने दो नाबालिग बेटों के साथ छह दिन से अंधेरे में रह रही थी। महिला ने रोते हुए अपनी परेशानी मंत्री को बताई तो वह भावुक हो गए। उन्होंने तुरंत असिस्टेंट इंजीनियर को फटकार लगाई और महिला के घर बिजली कनेक्शन जोड़ने को कहा। इसके बाद महिला के घर बिजली कनेक्शन जोड़ दिया गया है।
बताया जा रहा है कि नई सड़क पर रहने वाली महिला का छह हजार रुपये बिजली बिल बकाया था। इसी वजह से उसके घर का कनेक्शन काट दिया गया था। वह छह दिन से बिजली विभाग के चक्कर काट रही थी, लेकिन कोई उसकी बात नहीं सुन रहा था। गुरुवार को उसने ऊर्जा मंत्री के सामने अपनी पीड़ा बयां की और तुरंत ही उसकी समस्या का समाधान हो गया।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह इससे पहले भी कई मौकों पर बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं। मई के महीने में वह रात तीन बजे बिजली विभाग के ऑफिस पहुंच गए थे। इंजीनियर को फटकार लगाई थी। इसके बाद उन्होंने जून के महीने में एसी नहीं चलाने का फैसला किया था।
