हिरण नदी में डूबने से 8 साल के बच्चे की मौत

जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत हिरण नदी में नहाने गया 8 वर्षीय मासूम प्रिंस रैकवार गहरे पानी में समा गया। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम की सांसें टूट चुकी थीं।पाटन पुलिस के अनुसार, ग्राम थाना निवासी प्रिंस रैकवार पिता अनिल रैकवार (8 ) दोपहर करीब 12 बजे गाँव के अन्य बच्चों के साथ खेल-खेल में हिरण नदी में नहाने पहुँचा था। बच्चे नदी के किनारे नहा रहे थे, तभी अचानक प्रिंस का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

उसे डूबता देख साथ गए बच्चों के हाथ-पांव फूल गए। जिस वक्त यह हादसा हुआ, नदी के दूसरे घाट पर कुछ महिलाएँ कपड़े धो रही थीं। प्रिंस को तड़पता और डूबता देख महिलाओं और बच्चों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भागते हुए नदी पर पहुँचे। ग्रामीणों ने तुरंत नदी के गहरे पानी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद प्रिंस को बाहर निकाला। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इस हादसे ने पूरे गाँव की आँखों को नम कर दिया है। मृतक प्रिंस की जिंदगी पहले से ही दुखों से भरी थी। उसके सिर से माता-पिता का साया बहुत पहले ही उठ चुका था। अनाथ होने के बाद से प्रिंस अपने ननिहाल में नाना, नानी और मामा के आसरे रह रहा था। ननिहाल पक्ष ने उसे बहुत लाड-प्यार से पाला था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मासूम की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और मामले की जाँच कर रही है।

Next Post

फरार गैंगस्टर छोटू चौबे को पुलिस ने दबोचा

Thu Jun 11 , 2026
जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत कला मंदिर के पास 31 मार्च हुए गोलीकांड में फरार चल रहे गैंगस्टर छोटू चौब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है । आरोपी के कब्जे से आर्म्स भी बरामद किया गया है।विदित हो कि चांदमारी निवासी यश थोराट 31 […]

You May Like