
सीधी। नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को चौकी सिहावल,थाना अमिलिया पुलिस द्वारा जिला मऊगंज के हनुमना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में चौकी सिहावल, थाना अमिलिया पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। पुलिस के अनुसार दिनांक 10 जनवरी 2026 को चौकी सिहावल में एक महिला द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा गांव एवं रिश्तेदारी में तलाश करने के बावजूद बालिका का कोई पता नहीं चलने पर चौकी सिहावल में शिकायत दर्ज कराई गई। रिपोर्ट पर थाना अमिलिया में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल एक विशेष टीम गठित कर संभावित स्थानों पर सघन तलाश की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से बालिका को दिनांक 17 जनवरी 2026 को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। दस्तयाबी के उपरांत पीड़िता के कथनों एवं विवेचना के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 64(2)(एम), 65(1), 127(3), 351(2) बीएनएस तथा धारा 5/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा किया गया।
फरार आरोपी की तलाश एवं गिरफ्तारी-
अपराध पंजीबद्ध होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था तथा गुजरात क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु चौकी सिहावल पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी रखी जा रही थी। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 08 जून 2026 को आरोपी के हनुमना क्षेत्र, जिला मऊगंज में होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक राकेश बैश थाना प्रभारी अमिलिया, उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल चौकी प्रभारी सिहावल, उप निरीक्षक राजमणि अहिरवार, प्रधान आरक्षक रोहित सिंह, आरक्षक राहुल सिंह एवं आरक्षक अमित मिश्रा की विशेष भूमिका एवं सराहनीय योगदान रहा।
