
सागर। सागर जिले के गोपालगंज थाना अंतर्गत पुलिस ने अवैध रूप से परिवहन की जा रही लगभग 78 लीटर अंग्रेजी बीयर एवं परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गोपालगंज के प्रधान आरक्षक द्वारा कस्बा भ्रमण एवं अपराध विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा बरिया तिराहा डिवाइडर, तहसीली क्षेत्र गोपालगंज में घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो वाहन क्रमांक MP15T3060 को रोका गया।पुलिस को देखकर वाहन में सवार तीन व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि वाहन चालक गोविन्द रजक पिता छोटेलाल रजक निवासी ग्राम पिपरिया करकट थाना बहेरिया जिला सागर को मौके पर पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर कुल 10 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 120 बीयर की बोतलें (78 लीटर) पाई गईं। जप्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 30,000 रुपये है।
आरोपी से शराब परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस द्वारा अवैध शराब, नमूना बोतलें एवं बोलेरो वाहन को विधिवत जप्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
