नयी दिल्ली (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन पर्व जन्माष्टमी पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा ,“ आनंद और उल्लास से परिपूर्ण भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मैं, सभी देशवासियों और अन्य देशों में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। ”
उन्होंने कहा, “ भगवान श्रीकृष्ण की जीवन-लीला हमें आत्म-विश्वास और आत्म-ज्ञान की ओर प्रेरित करती है। भगवान श्रीकृष्ण ने संपूर्ण मानवता को धर्म के अनुसार कर्तव्य मार्ग पर चलते हुए परम सत्य की प्राप्ति का मार्ग दिखाया है। जन्माष्टमी का त्योहार भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण द्वारा बताए गए शाश्वत आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
आइए हम सब भगवान श्रीकृष्ण के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा जन-कल्याण की दिशा में आगे बढते हुए अपने समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाएं। ”
