ईरान के साथ दो-तीन दिन में समझौता होने की संभावना: ट्रंप

न्यूयॉर्क, 09 जून (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ईरान और इजरायल दोनों एक-दूसरे पर हमला नहीं करने पर सहमत हो गये हैं तथा अगले दो-तीन दिनों में ईरान के साथ समझौता होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल खोल दिया जाएगा। श्री ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, “ हम एक बहुत अच्छे समझौते के अंतिम चरण में हैं, जो किसी भी रूप में परमाणु हथियारों की अनुमति नहीं देगा। समझौते पर हस्ताक्षर होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य तुरंत खोल दिया जाएगा। यह दो या तीन दिनों में हो सकता है।”

उन्होंने बताया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू से उनकी बातचीत हुई है। श्री ट्रंप ने कहा, “ उन्हें (ईरान ने) निशाना बनाया और उन्होंने जवाबी हमला किया। इसके लिए मैं उन्हें दोष नहीं दे सकता। अब दोनों ने इसे यहीं रोकने का फैसला किया है। वे कम से कम अगले एक सप्ताह तक एक-दूसरे को अकेला छोड़ देंगे। मेरी मध्यस्थता में दोनों पक्ष हमले रोकने पर सहमत हुए हैं।” श्री ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत पर कहा कि अमेरिका चाहे तो कई सप्ताह तक ईरान पर बमबारी कर सकता है, लेकिन उससे वहां कुछ नहीं बचेगा और भारी जनहानि होगी। उन्होंने दावा किया कि दोनों पक्ष एक “मजबूत और प्रभावशाली समझौते” के बेहद करीब हैं।

उन्होंने कहा, “ हम यह काम एक घंटे में भी कर सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई बड़ा अड़ंगा बचा है। हम एक अच्छे, मजबूत और प्रभावशाली समझौते के बहुत करीब हैं। अगर हम बमबारी करें, जो हम आसानी से कर सकते हैं, और दो-तीन सप्ताह तक हमले जारी रखें, तो वहां कुछ भी नहीं बचेगा। लेकिन फिर होर्मुज जलडमरूमध्य कई महीनों तक नहीं खुलेगा। बमबारी में बहुत लोग मारे जाएंगे। ऐसा कौन चाहता है? मैं तो नहीं चाहता।” श्री ट्रंप ने कहा कि किसी सैन्य कार्रवाई की तुलना में हस्ताक्षरित समझौता अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने दावा किया कि नाकेबंदी ने बमबारी से अधिक असर दिखाया है। उन्होंने कहा, “ नाकेबंदी बमबारी से कहीं अधिक शक्तिशाली साबित हुई है। ईरान की अर्थव्यवस्था भारी दबाव में है और आखिरकार वह समझौता करेगा।” एक सवाल के जवाब में कि क्या उन्होंने श्री नेतन्याहू से ईरान पर हमले रोकने को कहा था, श्री ट्रंप ने कहा, “नहीं। मैंने उनसे कहा कि जो सही लगे वह करें, लेकिन जितनी जल्दी हो सके स्थिति को शांत करें। इसका संबंध लेबनान से भी है और यह सिलसिला रुकना चाहिए।”

.....

Next Post

2 घंटे में लौटाया 3 लाख से भरा बैग, दिल्ली व्यापारी को राहत

Tue Jun 9 , 2026
इंदौर. रावजी बाजार पुलिस ने महज दो घंटे में 3 लाख रुपए और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा गुम बैग ढूंढकर दिल्ली के एक व्यापारी को सौंप दिया. बैग वापस मिलने पर व्यापारी ने पुलिस की सराहना की. दिल्ली निवासी सेनेटरी व्यापारी राहुल मित्तल व्यापारिक भुगतान लेने इंदौर आए थे. सियागंज […]

You May Like