भोपाल: ट्विशा शर्मा मौत मामले में न्यायिक हिरासत में बंद पूर्व जज गिरिबाला सिंह को भोपाल सेंट्रल जेल में कथित वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने के आरोपों पर जेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उनकी बैरक की सुरक्षा प्रभारी डिप्टी जेलर जया यादव को हटा दिया गया है। उनकी जगह अब एक महिला वार्डन की नियुक्ति की गई है। यह कार्रवाई डीआईजी जेल के निरीक्षण और जांच रिपोर्ट के बाद की गई है।
सूत्रों के अनुसार, 3 और 4 जून को गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को जेल में विशेष सुविधाएं दिए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। जांच में यह जानकारी मिली कि गिरिबाला सिंह को ब्लैक कॉफी समेत अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही थी। साथ ही बिना किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के उन्हें अस्पताल वार्ड में शिफ्ट किया गया था। समर्थ सिंह को भी पुरुष बैरक स्थित अस्पताल वार्ड में रखा गया था।
मामले की जांच रिपोर्ट जेल महानिदेशक को सौंप दी गई है। सूत्रों का कहना है कि मामले में एक अन्य डिप्टी जेलर समेत कुछ और अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। वहीं, जेल प्रशासन का कहना है कि रविवार को गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की मुलाकात जेल नियमों के तहत कराई गई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े फैसले सामने आ सकते हैं।
