
बैतूल। शहर के शांति नगर गौठाना क्षेत्र में आज तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के बाथरूम में करीब 5.6 फीट लंबा कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत सर्पमित्र को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, शांति नगर गौठाना निवासी धर्मेश जैशवाल के घर के बाथरूम में देर रात कोबरा सांप दिखाई दिया। परिवार के लोगों ने जैसे ही सांप को देखा, वे घबरा गए और सावधानी बरतते हुए उससे दूरी बना ली। इसके बाद स्थानीय सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही विशाल विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जो पूरे घटनाक्रम को देखती रही।
सर्पमित्र ने बताया कि गर्मी और बारिश के मौसम में सांप अक्सर भोजन, पानी और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में लोगों को घबराने की बजाय सतर्क रहने की जरूरत है। यदि घर में सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास नहीं करना चाहिए, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या सर्पमित्र को सूचना देनी चाहिए।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को शहर से दूर सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। समय रहते सांप को सुरक्षित पकड़ लिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और सर्पमित्र के कार्य की सराहना की।
