इंदौर:विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर इंदौर में खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह आयोजन खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्य प्रदेश तथा यारी मलिटेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से होटल जॉर्डन, तुलसी नगर में सम्पन्न हुआ.
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों एवं खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक खान-पान की आदतों को प्रोत्साहित करना था. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा थे. उनका स्वागत एआईएमपी के अध्यक्ष योगेश मेहता, सचिव तरुण व्यास तथा यारी मलिटेक की ओर से सुश्री यशी श्रीवास्तव ने किया.
उद्बोधन में मंत्री श्री कुशवाहा ने स्वस्थ एवं संतुलित भोजन के महत्व पर बल देते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया. उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी. विशेष अतिथि विधायक गोलू शुक्ला ने खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए.
योजनाओं की जानकारी दी
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के सहायक निदेशक गौरव गोयल ने उद्यम पंजीयन, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी. वहीं प्रमुख खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों एवं प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की. विशिष्ट अतिथि शेफ श्री भूपी ने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी अनेक भ्रांतियों को दूर करते हुए उपभोक्ताओं को पैकेज्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय आवश्यक जानकारियों की जांच करने की सलाह दी
