
ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास के 9 साल से चुनाव नहीं हुए है। जबकि हर 2 साल में चुनाव कराने का नियम है। रविवार को गांधी रोड़ स्थित सांसद निवास पर न्यास के फाउंडर एवं पूर्व अध्यक्ष हरीबाबू शिवहरे, कार्यकारणी सदस्य प्रदीप बंसल, अजमेर सिंग रावत, पूर्व पार्षद संतोष राठौर, पूर्व पार्षद घनश्याम गुप्ता सहित पूर्व पदाधिकारियों ने सांसद भारत सिंह कुशवाह को ज्ञापन सौंप कर निवेदन किया न्यास के जल्द चुनाव कराये जायें। चुनाव न होने के कारण कई विसंगतियां उत्पन्न हो गई है जो अचलनाथ के भक्तों की आस्था को ठेस पहुँचाती है।
सांसद भारत सिंह ने पूर्व पदाधिकारियों की सभी बातों को धैर्य पूर्वक सुना और आश्वासन दिया सर्वहित में प्राचीन अचलेश्वर महादेव मंदिर जो अंचल के श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र है। वहां विभिन्न विसंगतियों को दूर करते हुए जल्द चुनाव कराए जाएंगे। बता दें श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास के 4 हजार से अधिक सदस्य है। यहां प्याऊ तुड़ाई, दुकान निर्माण, अवैध कब्जे सहित कई मामले सामने आते रहे हैं। लेकिन निर्वाचित पदाधिकारी न होने के कारण सभी मुद्दे ठंडे बस्ते में चले जाते हैं और जिसका खामियाजा अचलनाथ के लाखों भक्तों को भुगतना पड़ता है।
