जबलपुर: जिला न्यायालय में पदस्थ विशेष न्यायाधीश के साथ चारधाम यात्रा के नाम पर 1,07,793 रुपये की धोखाधड़ी की गई। गोरखपुर पुलिस ने रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिला न्यायालय में पदस्थ विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस) प्रमेंद्र कुमार सिंह ने परिवार और परिचितों के साथ साल 2026 की चारधाम यात्रा की योजना बना रहे थे। इसी दौरान उन्होंने फेसबुक पर ट्रिपलांजा कंपनी का एक विज्ञापन देखा, जिसमें लिखा था कि वर्ष 2026 के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग शुरू हो चुकी है।
विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर जालसाज ने खुद को यात्रा संचालक बताया। ठगों ने बेहद शातिर तरीके से व्हाट्सएप पर यात्रा का पूरा विवरण भेजा। हरिद्वार से चारधाम की यात्रा (कार और हेलीकॉप्टर द्वारा) के लिए 25,500 रुपये प्रति व्यक्ति का शुल्क तय हुआ। विश्वास जीतने के लिए जालसाजों ने यात्रियों के आधार कार्ड, फोटो और पहचान पत्र मंगवाए। कंपनी के नाम का फर्जी बिल (इनवॉइस) भेजा। उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड का फर्जी यात्रा पंजीकरण पत्र भी भेज दिया।
दो किश्तों में ऐंठी रकम, असली वेबसाइट से खुली पोल-
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने भुगतान के लिए एक यूपीआई आईडी भेजी, जो किशोरभाई दयाभाई पटेल के नाम पर थी। न्यायाधीश ने बुकिंग के लिए 17 मार्च 2026 को फोन-पे के माध्यम से 45,900 रुपये भेजे। 20 मार्च 2026 को हेलीकॉप्टर यात्रा के नाम पर 61,893 रुपये और ट्रांसफर कर दिए। पैसे भेजने के बाद जब न्यायाधीश को कुछ शक हुआ, तो उन्होंने ट्रिपलांजा कंपनी की असली वेबसाइट खोजी। वहां संपर्क करने पर पता चला कि उस कंपनी का मुख्य कार्यालय केवल देहरादून में है और उनकी कोई अन्य शाखा या एजेंट नहीं है। तब उन्हें अहसास हुआ कि विज्ञापन देने वाले मोबाइल नंबर धारकों ने उनके साथ धोखाधड़ी कर कुल 1,07,793 रुपये हड़प लिए हैं।इसके बाद मामले की शिकायत न्यायाधीश ने थने में की पुलिस एफआईआर दर्ज कर अब उन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर रही है जिनके जरिए यह ठगी की गई है।
