जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत नानक नगर में एक बुजुर्ग डिजिटल ठगी का शिकार हो गए। शातिर ठगों ने बैंक ऑफ इंडिया का फर्जी न्यू वर्जन ऐप डाउनलोड करने का झांसा देकर बुजुर्ग का मोबाइल हैक कर लिया और चंद घंटों के भीतर उनके बैंक खातों से 3 लाख 48 हजार 124 रुपये पार कर दिए।पुलिस के मुताबिक रमेश सिंह (61), निवासी नानक नगर हनुमान मंदिर के पास, रांझी के व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। इसमें बैंक ऑफ इंडिया के लोगो वाली एक पीडीएफ फाइल और नीचे एक लिंक दी गई थी, जिसे बैंक का नया वर्जन बताया गया था।
जैसे ही रमेश सिंह ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया। उनके मोबाइल पर धड़ाधड़ ओटीपी के मैसेज आने लगे। जब तक वह कुछ समझ पाते, उनके बैंक ऑफ इंडिया के अलग-अलग खातों से किश्तों में पैसे कटने शुरू हो गए। ठगों ने बेहद शातिर तरीके से कई बार में ट्रांजेक्शन किए और कुल 3,48,124 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
