मैहर:सिविल अस्पताल मैहर में पदस्थ डॉ. दीपक तिवारी के विरुद्ध की गई शिकायत की जांच के लिए शनिवार को प्रशासनिक टीम अस्पताल पहुंची. जांच के दौरान शिकायतकर्ता और संबंधित पक्षों की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में सुनवाई की गई. जानकारी के अनुसार जांच टीम में डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार जितेंद्र पटेल तथा बीएमओ डॉ. पीयूष पांडेय शामिल रहे.
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता एवं संबंधित पक्षों को बुलाकर मामले से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. सुनवाई के बाद दोनों पक्षों के कथनों के आधार पर पंचनामा तैयार कर हस्ताक्षर भी कराए गए.शिकायतकर्ता अनिल उपाध्याय ने बताया कि जांच अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना.
इसके साथ ही उनका आरोप है कि सुनवाई के दौरान डॉ. दीपक तिवारी द्वारा उनके एवं उनके परिवार के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद करने का प्रयास किया गया. शिकायतकर्ता के अनुसार स्थिति को देखते हुए तहसीलदार जितेंद्र पटेल को हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने माहौल शांत कराया.हालांकि मामले में जांच टीम की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है. बताया जा रहा है कि फिलहाल अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बयान और दस्तावेज संकलित कर लिए हैं.
