जबलपुर: संजीवनी नगर और रांझी थाना क्षेत्रों में चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, बर्तन और एक्टिवा गाड़ी चोरी कर ली है। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार संजीवनी नगर थाना अंतर्गत गंगानगर निवासी अश्वनी कुमार जायसवाल (29) पेशे से ऑटो चालक हैं, 4 जून की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपना ऑटो लेकर काम पर गए थे। शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी चिंकी जायसवाल भी अपने मायके गुजराती कॉलोनी चली गईं।
रात में जब अश्वनी खाना खाने घर लौटे, तो मेन गेट और अंदर वाले गेट के ताले टूटे हुए थे। घर के अंदर लोहे की अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर में रखे सोने के कान के लटकन, एक पांचाली और पूजा स्थल पर रखी 15 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इतना ही नहीं, चोर आंगन में खड़ी एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एस वाय 4885 भी चुरा ले गए। दूसरा मामला रांझी थाना क्षेत्र का है, जहां एकता कॉलोनी बिलपुरा की रहने वाली श्रीमती चंदा बाई चौधरी (36) के घर को चोरों ने निशाना बनाया।
चंदा बाई ने बताया कि 3 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी बेटी खुशबू की तबीयत खराब होने पर घर में ताला लगाकर इलाज कराने घमापुर अस्पताल गई थीं। रात अधिक होने के कारण वह चांदमारी घमापुर में अपने भाई के घर रुक गईं। अगले दिन पड़ोस में रहने वाली रीता चौधरी ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा खुला हुआ है। चंदा बाई ने घर आकर देखा तो ताला टूटा था। चोर घर के अंदर से सोने के टॉप्स, चांदी की पायल, एक चूड़ी सहित भारी मात्रा में कीमती बर्तन बटोर ले गए।
