
दमोह,राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज ग्राम बकायन में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़, जिला दमोह की टीम ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए। कार्यक्रम में परामर्शदाता नितेश गुप्ता के नेतृत्व में ANM सीमा लोधी, सुपरवाइजर कविता विश्वकर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गायत्री रोहित, सहायिका मोहिनी, साथिया वैशाली रैकवार एवं MT रानी देवी चौहान ने सक्रिय भागीदारी की। सभी ने मिलकर ग्राम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। परामर्शदाता नितेश गुप्ता ने कहा, “RKSK का उद्देश्य सिर्फ किशोर स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि स्वस्थ पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाना भी है। एक पौधा आज लगाना, कल की कई पीढ़ियों को शुद्ध हवा देना है।” ANM सीमा लोधी ने ग्रामीणों से अपील की कि हर परिवार कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और पर्यावरण को बचाने में सहयोग करे। साथिया वैशाली रैकवार ने किशोर-किशोरियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण सुरक्षा की शपथ ली। CHC बटियागढ़ की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
