इंदौर: शहर में पानी की लगातार कमी बढ़ती जा रही है, लेकिन भू माफिया और कॉलोनाइजर तालाब के चैनल बंद करने और अपने हित साधने से बाज नहीं आ रहे हैं. आज भी नगर निगम ने सिरपुर तालाब की चैनल बंद करके अवैध कॉलोनी निर्माण के खिलाफ रिमूवल की कार्रवाई की है.दरअसल मामला ग्राम सुखनिवास के खसरे नंबर 80/1, 80/2 और अन्य कृषि भूमि का है. उक्त भूमि के बीच में नाला है, जो सिरपुर तालाब में पानी जाने की चैनल भी है. उक्त चैनल को बंद कर उसमें पाइप डाल कर सड़क बना ली एवं अवैध कॉलोनी का निर्माण कर प्लॉट भी काट दिए.
जब अवैध कॉलोनी निर्माण की जानकारी प्रशासन और नगर निगम को मिली, तो आज ग्राम सुखनिवास में रिमूवल दस्ते के साथ निगम का अमला पहुंचा. मौके पर नगर निगम अधिकारी सकते में आ गए कि सिरपुर तालाब में पानी जाने वाली चैनल ही बंद कर दी गई. हालांकि जमीन का मालिक किसान ही है, लेकिन पानी का नाला निजी नहीं है. नगर निगम सहायक यंत्री कॉलोनी सेल टीना सिसौदिया, भवन अधिकारी प्रभात तिवारी और रिमूवल दस्ते ने मौके पर साढ़े तीन एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. साथ ही अवैध रूप से बनाई कच्ची सड़क और सिरपुर तालाब में पानी जाने वाली चैनल में डाले पाइप तोड़कर हटा दिए और बंद की गई चैनल को वापस खोला.
