
जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र मुकादम गंज में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उस वक्त अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया जब वहां खड़े एक ऑटो में अचानक आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों ने नवभारत को बताया कि देखते ही देखते ऑटो में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिस कारण ऑटो का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। लिहाजा आसपास के लोगों और व्यापारियों की सूझबूझ से ऑटो में भड़की आग पर काबू पा लिया गया । लोगों का कहना है कि अगर आग समय पर नहीं बुझाई जाती तो किसी बड़ी दुर्घटना से बिल्कुल भी इंकार नहीं किया जा सकता था। क्योंकि मुकादमगंज बाजार में कई दुकान वाले अपनी-अपनी दुकानों में पटाखों का व्यापार भी 12 माह करते आए हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि ऑटो में भड़की आग अगर दुकानों तक पहुंचती तो सोमवार को शहर में बड़ी दुर्घटना घटित हो जाती। जानकारी के अनुसार ऑटो में कोई सवार नहीं था और वह सड़क किनारे खड़ी थी। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
