योग, डिजिटल शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से समृद्ध हो रहा बचपन

सीधी।जिले में बच्चों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित समर कैंप गतिविधियां उत्साहपूर्ण वातावरण में संचालित हो रही हैं। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कुसमी विकासखंड के पोड़ी में आयोजित समर कैंप का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया तथा विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।

समर कैंप में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से ही बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया जा रहा है। योग, खेल, रचनात्मक गतिविधियां, कंप्यूटर प्रशिक्षण तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में बच्चे बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं, जिससे उनमें सीखने के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को योगाभ्यास करते हुए देखा। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी विकास करता है। बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन किया।

समर कैंप में बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा भी प्रदान की जा रही है। कलेक्टर ने कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर बच्चों से उनके सीखने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता अत्यंत महत्वपूर्ण है और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को तकनीकी ज्ञान से जोड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कुसमी में प्रारंभ किए गए ‘उजियार अभियान’ की भी जानकारी ली। अभियान के माध्यम से बच्चों और युवाओं को शिक्षा, डिजिटल ज्ञान तथा सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल दूरस्थ अंचलों के बच्चों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने का कार्य कर रही है और उन्हें आत्मनिर्भर तथा जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित कर रही है।

कलेक्टर ने समर कैंप में बच्चों द्वारा प्रदर्शित उत्साह, जिज्ञासा और सीखने की अभिरुचि की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के व्यक्तित्व विकास, कौशल संवर्धन और उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण गतिविधियों और सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें।समर कैंप में शिक्षा, खेल, योग, कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं रचनात्मक गतिविधियों का समावेश बच्चों के लिए सीखने और आनंद का एक सशक्त मंच बन रहा है, जो उनके सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम साबित हो रहा है।इस दौरान उपखंड अधिकारी श्री शैलेश द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्टर कार्यालय घेराव की बनी रणनीति, युवा कांग्रेस का बड़ा आंदोलन 7 जून को

Thu Jun 4 , 2026
आलीराजपुर। देश में बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम महंगाई, व्यापक भ्रष्टाचार, पेपर लीक और किसानों की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस 7 जून को जिला मुख्यालय पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी। इस आंदोलन में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिंब विशेष रूप से शामिल होंगे। युवा कांग्रेस द्वारा जनहित के विभिन्न […]

You May Like