
सिंगरौली। सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस सिंगरौली द्वारा जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर संचालित किए जा रहे ऑटो वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक ओवरलोड ऑटो वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान ऑटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, वाहन बीमा, पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहन जांच की गई। जिन चालकों के दस्तावेज अधूरे पाए गए, उन्हें नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। अभियान के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने ऑटो चालकों को समझाइश देते हुए बताया कि ओवरलोडिंग न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यह यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है। अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सभी आवश्यक एवं वैध दस्तावेज साथ रखने की सलाह देते हुए चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस, परमिट या बीमा के वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
