कॉलेज की कॉमन महिला मित्र को लेकर विवाद में चाकूबाजी करने वाले तीन छात्र गिरफ्तार

इंदौर. लसुड़िया थाना क्षेत्र में एक कॉमन महिला मित्र से बातचीत को लेकर हुए विवाद के बाद, कुछ छात्रों ने अपने ही सहपाठी को बातचीत के बहाने मैदान में बुलाया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। लसुड़िया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रेनेसॉ कॉलेज के छात्रों से जुड़ी है। गत 30 मई की रात लगभग 10:30 बजे थाना लसुड़िया क्षेत्रांतर्गत बावड़ी हनुमान मंदिर के पीछे स्थित खाली मैदान में यह खूनी संघर्ष हुआ। कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र आर्यन मुकाती और उसके सहपाठी उज्जल प्रजापत के बीच उनकी एक कॉमन महिला मित्र को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। कॉलेज में हुई इसी मामूली कहासुनी के बाद आरोपी उज्ज्वल प्रजापत ने रंजिश पाल ली और आर्यन मुकाती को मामले को सुलझाने व बातचीत करने के बहाने अगले दिन रात में बावड़ी हनुमान मंदिर के पीछे स्थित मैदान में बुलाया।आरोपी उज्ज्वल के बुलाने पर आर्यन मुकाती अपने कुछ दोस्तों को साथ लेकर तय स्थान पर पहुंचा। वहां आरोपी उज्ज्वल प्रजापत अपने अन्य साथियों शत्रुघ्न शेखावत और अभिषेक वाल्टर के साथ पहले से ही घात लगाकर बैठा था। आर्यन के वहां पहुंचते ही तीनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए विवाद शुरू कर दिया। जब आर्यन और उसके दोस्तों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और आर्यन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकूबाजी की इस घटना में आर्यन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले, जिसके बाद घायल आर्यन को उसके दोस्तों ने तुरंत गंभीर हालत में उपचार के लिए नजदीकी ज्योति हॉस्पिटल पहुंचाया।घटना की सूचना मिलते ही लसुड़िया थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर और फिर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शुरुआत में मारपीट और चोट पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया था, लेकिन मामले की गंभीरता और चोटों के निशान को देखते हुए विवेचना के दौरान प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा में इजाफा किया गया। पुलिस उपायुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लसुड़िया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और हमले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम शत्रुघ्न शेखावत निवासी स्कीम नंबर-78, ,उज्ज्वल प्रजापत निवासी तिलक नगर, इंदौर स्थायी पता– तहसील थांदला, जिला झाबुआ और अभिषेक वाल्टर निवासी आश्रय बॉयज हॉस्टल, एम.आर.-9, बताये जा रहे हैं।पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

सरकार दिल्ली-एनसीआर में पुराने ट्रक और बसों को बदलेगी

Wed Jun 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 जून (वार्ता) सरकार ने दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण दो वर्षीय योजना को मंजूरी दी है जिसमें 9,585 करोड़ रुपये का प्रावधान है। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बुधवार को कहा […]

You May Like