इंदौर:शहर में बेहतर पुलिसिंग और उत्कृष्ट कार्य के लिए 29 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया.पलासिया स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया. कार्यक्रम का उद्देश्य बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाना है. सम्मानित पुलिसकर्मियों में अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी व धोखाधड़ी के मामलों में खुलासा, संवेदनशील क्षेत्रों में ड्यूटी, त्यौहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना, अज्ञात आरोपियों की पहचान, संगठित गिरोह के बदमाशों को पकड़ना, यातायात प्रबंधन और ड्रोन यूनिट संचालन जैसे कार्यों में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मचारी शामिल रहे.
यातायात पुलिस के जवानों को प्रमुख चौराहों पर बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए सराहा गया, वहीं ड्रोन यूनिट के कर्मचारियों को तकनीकी सहायता देने के लिए सम्मानित किया. अपराध शाखा की टीम को फरार इनामी आरोपी को पकड़ने पर विशेष प्रशंसा मिली. इस मौके पर अधिकारियों ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया. पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह का कहना है कि उत्कृष्ट कार्य के लिए 29 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, ड्रोन संचालन और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्यूटी के लिए नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र दिए गए