जल्द मिलेंगे तीन नए पुलिस थाने, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत


इंदौर: शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए इंदौर में तीन नए पुलिस थाने स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है. प्रस्ताव के अनुसार लसुड़िया, बाणगंगा और चंदन नगर थाना क्षेत्रों के बड़े हिस्सों को विभाजित कर नए थाने बनाए जाएंगे, जिससे शहर की कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने नव भारत से चर्चा में बताया कि शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और नए विकसित हो रहे क्षेत्रों के चलते मौजूदा थानों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय ने लसुड़िया थाना क्षेत्र को विभाजित कर नया थाना प्रस्तावित किया है. वहीं बाणगंगा क्षेत्र के औद्योगिक इलाके और सुपर कॉरिडोर को मिलाकर दूसरा नया थाना बनाया जाएगा.

इसके अलावा चंदन नगर थाना क्षेत्र के हिस्सों और धार रोड के आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर तीसरे नए थाने की योजना तैयार की गई है. पुलिस कमिश्नरेट द्वारा तीनों प्रस्तावित थानों की सीमाएं तय कर आवश्यक पुलिस बल, वाहनों और संसाधनों की मांग शासन के समक्ष रखी गई है. स्वीकृति मिलते ही थानों की स्थापना और स्टाफ की पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

मौजूदा थानों का कार्यभार कम होगा
गौरतलब है कि डीआरपी लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डिस्टि्रक्ट ड्रोन यूनिट और इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के शुभारंभ के साथ इन नए थानों की घोषणा की थी. नए थानों के शुरू होने से जहां मौजूदा थानों पर कार्यभार कम होगा, वहीं आम नागरिकों को अपनी शिकायतों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा.

Next Post

पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़, गार्ड से मारपीट

Wed Jun 3 , 2026
पटना, (वार्ता) बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआँ थाना क्षेत्र स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर मंगलवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर की कोचिंग सेंटर के बाहर रात के […]

You May Like