शिवपुरी: शिवपुरी में एक रेत से भरे डंपर के पलटने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसा डंपर बैक करते समय हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।घटना फिजिकल थाना क्षेत्र की करौंदी राम विहार कॉलोनी की है। यहां सुरवाया थाना क्षेत्र के गांगुली गांव निवासी अरविंद गुर्जर अपने दोस्तों अजय सेन, मयंक दीक्षित और सुमित दुबे के साथ अमन शर्मा के निर्माणाधीन मकान पर रेत खाली करवाने पहुंचा था।
डंपर चालक जब वाहन को बैक कर रहा था, तब प्लॉट के पास स्थित एक मकान के सेप्टिक टैंक में डंपर का पहिया धंस गया। इस दौरान डंपर पलट गया और अरविंद गुर्जर व अजय सेन उसकी चपेट में आ गए।घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरविंद गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। अजय सेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। फिजिकल पुलिस ने मामला दर्ज कर सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
