जबलपुर: सोमवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदला । दिनभर सूर्यदेव और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। शाम को मौसम ने करवट बदली और रात्रि लगभग आठ बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। आधे घंटे तक मूसलाधार बारिश से शहर भींगा। कॉलोनियां जलमग्न हो गई। मुख्य चौराहों से लेकर पॉश कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों तक, हर जगह सिर्फ पानी ही पानी नजर आया। देर रात तक बारिश का दौर जारी रहा । समाचार लिखे जाने तक करीब 16.6 मिमी बारिश दर्ज हुई।
मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा 531.2 मिमी पर पहुच गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री पर पहुंच गया। सुबह के वक्त आद्रता 93 और शाम को 89 प्रतिशत दर्ज की गई । मौसम विभाग ने चौबीस घंटे में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। साथ ही 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना जाहिर की गई है।
बांध के 9 गेटों से छोड़ा जा रहा पानी
रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बाँध के जल स्तर को नियंत्रित करने बाँध के 9 जल द्वारों को औसत ऊँचाई 0.78 मीटर तक खोला गया है। जिनसे 1630 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
