भिण्ड में 33 केवी लाइन में खराबी से दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों की बिजली आपूर्ति प्रभावित

भिण्ड: मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में मेला उपकेंद्र से जुड़ी 33 केवी विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने से दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों की बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच रातभर बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।विद्युत वितरण कंपनी के सूत्रों के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण मेला फीडर, अशोक नगर, गोल मार्केट, सराफा बाजार, बतासा बाजार, खण्डा रोड तथा आसपास के कई क्षेत्रों में अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। रात के समय पंखे, कूलर और वातानुकूलन यंत्र बंद हो जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई।

स्थिति की जानकारी लेने के लिए उपभोक्ताओं ने रातभर विद्युत कंपनी के अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबरों पर संपर्क किया। कई नागरिक सीधे मेला उपकेंद्र पहुंच गए और बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे।विद्युत कंपनी की पेट्रोलिंग टीम ने रात में ही लाइन की जांच शुरू की और लगभग दो बजे खराबी वाले स्थान का पता लगा लिया। इसके बाद तकनीकी कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल करने में सफलता प्राप्त की। तड़के लगभग तीन बजे प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।

स्थानीय नागरिकों ने गर्मी के मौसम में बार-बार आने वाली ऐसी समस्याओं पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हर वर्ष गर्मी के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या सामने आती है, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने विद्युत कंपनी से स्थायी तकनीकी समाधान करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि आज सुबह भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है और बीच-बीच में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

Next Post

रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ सहायक लेखापाल

Tue Jun 2 , 2026
शहडोल: जिले के ब्योहारी तहसील कार्यालय में सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति को मंगलवार को रीवा लोकायुक्त टीम ने 75,000 रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर सरकारी मकान से जुड़े एक प्रकरण को निपटाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है।लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, […]

You May Like