सिंगरौली: क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ सोमवार देर शाम मोरवा के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मोरवा बाजार, पार्क, स्टेडियम सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पैदल भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और सार्वजनिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। वहीं पार्कों एवं स्टेडियम में मौजूद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी सुझावों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर तैनात कर्मचारियों तथा जिम्मेदार व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, पैदल भ्रमण और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में पैदल भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी ने मीट मंडी पहुंचकर खुले में मांस की बिक्री करने वाले व्यापारियों को फटकार लगाई थी तथा नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई भी की गई थी। पुलिस की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र के नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।
