ग्वालियर: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर में 5.14 करोड रूपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री इलैक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर कार्यक्रमों में पहुंचे। भाजपा के वरिष्ठ नेता, स्थानीय पार्षद गण सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, विद्युत वितरण कंपनी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने क्षेत्रवासियों को याद दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के विश्वास पर खरा उतरते हुए उपनगर ग्वालियर में अनवरत विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब बिरला नगर प्रसूति गृह में ताला पड़ा रहता था, लेकिन आज उसी बिरला नगर प्रसूति गृह की कायाकल्प हुईं है। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि क्या आपको याद है मनोरंजनालय किस हाल में था?
उन्होंने पूछा कि क्या आपको याद है सिविल अस्पताल हजीरा किस हाल में था, वहां 100 मरीज भी बमुश्किल उपचार के लिए आते थे। लेकिन सिविल अस्पताल की तकदीर और तस्वीर दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि वह दिन याद करें कि जब ट्रांसफार्मर फुक जाते थे, तो 2-2 दिनों तक बिजली नहीं आती थी, लेकिन आज 1 घण्टे में ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। आज उपनगर ग्वालियर में बदलाव हुआ है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि हम यह दावा नहीं करते कि सौ फीसदी काम हो गए हैं। लेकिन पूर्व और वर्तमान की स्थिति आपके सामने है, जिसका आंकलन आपको ही करना है।
