घर में सो रहे परिवार पर हमला, भाटखेड़ा गांव में महिलाओं, बच्चों और कैंसर पीडि़त को पीटा

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के भाटखेड़ा गांव में रविवार को दिनदहाड़े एक घर में घुसकर परिवार पर हमला और लूटपाट का मामला सामने आया है। गांव के ही दो आरोपियों ने घर में सो रहे पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को लाठी-डंडों से पीटा। हमलावरों ने एक गंभीर कैंसर पीडि़ता महिला को भी नहीं बख्शा, उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिलाओं के गले से सोने की चेन और कान के झुमके लूटकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीडि़त ईश्वर सिंह राठौर ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी दोपहर में नारायण सिंह पिता लाल सिंह और लोकेंद्र सिंह पिता नारायण सिंह उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। आवाज सुनकर जैसे ही घर की महिलाएं बाहर निकलीं, आरोपियों ने जबरन गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया।

आरोपियों ने महिलाओं और बच्चों पर हमला करना शुरू कर दिया। जब ईश्वर सिंह और उनका बेटा बीच-बचाव करने आए, तो दबंगों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस मारपीट में परिवार के सभी सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं।

ग्रामीणों के पहुंचने पर भागे आरोपी

ईश्वर सिंह राठौर ने स्पष्ट किया कि उनकी नारायण सिंह और लोकेंद्र सिंह से कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था। घटना के दौरान घर में चीख-पुकार सुनकर गांव वाले बड़ी संख्या में मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी नारायण सिंह और लोकेंद्र सिंह, महिलाओं के कान से सोने के झुमके और सोने की चेन छीनकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।

घटना के तुरंत बाद घायल हालत में पीडि़त ईश्वर सिंह राठौर नीमच सिटी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता और महिलाओं-कैंसर पीडि़ता से मारपीट की बात सामने आते ही सीएसपी किरण चौहान खुद सिटी थाने पहुंचीं। सीएसपी के निर्देश पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम को मौका मुआयना करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए भाटखेड़ा रवाना किया गया है। सिटी पुलिस फिलहाल पीडि़त परिवार के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

Next Post

वार्ड प्रभारियों के कार्यों का व्यक्तिगत मूल्यांकन भी करें: सविता यादव

Mon Jun 1 , 2026
सिंगरौली । ननि आयुक्त सविता प्रधान ने आज सोमवार को विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि पूर्व में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों के […]

You May Like