मुंबई, 01 जून (वार्ता)अभिनेता कुणाल ठाकुर ने वेब सीरीज हूज़ योर गायनैक के सेट से अभिनेत्री सबा आज़ाद के साथ कुछ क्यूट बिहाइंड द सीन (बीटीएस) झलकियां साझा की हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। अपनी दमदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता कुणाल ठाकुर इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में ‘ग्लोरी’ में फियरलेस बॉक्सर ‘राका’ के किरदार से खूब तारीफें बटोरने के बाद अब कुणाल अपने अभिनय का बिल्कुल अलग अंदाज़ दिखाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ने हाल ही में हूज़ योर गायनैक ? सीज़न 2 के सेट से कुछ बेहद प्यारी बीटीएस तस्वीरें साझा की हैं, जिन्होंने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
कुणाल ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी को-स्टार सबा आज़ाद और शो की पूरी टीम के साथ कुछ कैंडिड तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में सेट पर कलाकारों और क्रू के बीच की शानदार बॉन्डिंग, हंसी-मज़ाक और शूटिंग के दौरान बने खूबसूरत पलों की झलक देखने को मिल रही हैं। हालांकि तस्वीरें साफ तौर पर दिखाती हैं कि शूटिंग के दौरान पूरी टीम ने साथ मिलकर यादगार समय बिताया। इन बीटीएस तस्वीरों को शेयर करते हुए कुणाल ने कैप्शन में लिखा है, “शानदार कास्ट, बेहतरीन क्रू और जिंदगीभर की यादें, यही रहा हूज़ योर गायनैक ? सीज़न 2 का अनुभव।
यह पोस्ट कुणाल ठाकुर के करियर के एक दिलचस्प दौर में सामने आई है। जहां हाल ही में दर्शकों ने उन्हें ‘ग्लोरी’ में एक सख्त और दमदार बॉक्सर ‘राका’ के रूप में देखा, वहीं हूज़ योर गायनैक ? में वह एक पीडियाट्रिशियन (बच्चों के डॉक्टर) की भूमिका निभाते नजर आएंगे। दोनों किरदारों के बीच का यह बड़ा अंतर उनके अभिनय की बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है। ‘ग्लोरी’ में उनके इंटेंस और पावरफुल अवतार को पसंद करने वाले फैंस अब उन्हें एक अधिक सहज और आकर्षक किरदार में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। वहीं, सबा आज़ाद के साथ उनकी बीटीएस तस्वीरों ने दर्शकों के बीच नए सीज़न को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। रिंग में मुक्के बरसाने वाले बॉक्सर से लेकर स्क्रीन पर बच्चों का ख्याल रखने वाले डॉक्टर तक, कुणाल ठाकुर लगातार यह साबित कर रहे हैं कि वह एक ऐसे अभिनेता हैं जो अलग-अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने से कभी पीछे नहीं हटते।

