नारनौल, (वार्ता) नारनौल के नूनी शेखपुरा मोड़ पर आयोजित युवा मैराथन और तिरंगा यात्रा में भारी जनभागीदारी देखने को मिली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं 5 किलोमीटर की दौड़ में भाग लेकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मैराथन महज दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हाथ में लेकर दौड़ते युवा देशभक्ति, जागरूकता और उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर पेश कर रहे हैं। खेल जीवन में अनुशासन लाते हैं, जबकि नशा जीवन को बर्बाद करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में नशामुक्ति अभियान के तहत अब तक 2,483 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 17 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। प्रदेश में 160 नशामुक्ति केंद्र स्थापित हैं और 7,523 लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया है। नशा तस्करों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
नायब सैनी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदेश के हर गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने, दूसरों को नशे से बचाने, प्रतिदिन खेल या योग करने, तिरंगे की गरिमा बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण के अभियानों में भाग लेने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और मैराथन के विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक ओम प्रकाश यादव, कंवर सिंह यादव, शर्मिला धनखड़, पंकज नैन और उपायुक्त अनुपमा अंजली सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
