चेन्नई, 31 मई (वार्ता) चेन्नई में एक नाइट क्लब में डांस करने को लेकर हुये झगड़े के कारण एक किशोर लड़की की जान चली गयी। मृतका को श्रीलंकाई नागरिक और विल्लुपुरम जिले में स्थित श्रीलंकाई पुनर्वास शिविर की निवासी बताया जा रहा है। गुस्साये युवाओं ने शनिवार देर रात व्यस्त कोयम्बेडु इलाके में उसकी मोटरसाइकिल को अपनी कार से कुचल दिया।
पुलिस ने रविवार को कहा कि पीड़ित लड़की की 17 वर्षीय सहेली को गंभीर चोटें आयी हैं और उसे इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने युवाओं के गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है जबकि बाकी अपराधियों की तलाश जारी है। यह सब नाइट क्लब में डांस करने के दौरान श्रीलंकाई तमिल बतायी जा रही लड़की और युवाओं के गिरोह के बीच हुई कहासुनी से शुरू हुआ। जब मामला हाथापाई और शारीरिक हमले तक पहुंच गया तो क्लब के बाउंसरों ने उन्हें शांत कराया और क्लब से बाहर निकाला। हालांकि, क्लब के बाहर एक दुकान के पास दोबारा विवाद शुरू हो गया, जहां उन्हीं बाउंसरों ने एक बार फिर उन्हें शांत कराया। इसके बाद, जब यांसी (18) और उसकी सहेली मोटरसाइकिल से थिरुमंगलम इलाके की ओर निकले, तो गिरोह ने उनका पीछा किया, जिसके बाद यांसी के साथ यात्रा कर रहे लोगों द्वारा उन पर पथराव किया गया।
इससे गुस्साये कार सवार युवाओं ने तेज रफ्तार में उसकी मोटरसाइकिल को कुचल दिया, जिससे यांसी की मौके पर ही मौत हो गयी और वे उसकी सहेली को जिंदगी और मौत के बीच जूझता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गये। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये सरकारी अस्पताल पहुंचाया और उसकी गंभीर रूप से घायल सहेली को भी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये और मौके से मिले सुरागों तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्या के आरोपों सहित मामले दर्ज किये और गिरोह के तीन सदस्यों—बालागुरु (21), जोशुआ (19) और किशोर कुमार (19) को गिरफ्तार कर लिया तथा कार जब्त कर ली। उनसे पूछताछ के बाद, बाकी हत्यारों को पकड़ने के लिये पुलिस की विशेष टीमें गठित की गयी हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, मृतका विल्लुपुरम पुनर्वास शिविर में अपने परिवार के साथ रहती थी और चेन्नई में एक सहेली से मिलने आयी थी, और जब यह त्रासदी हुई तब वह क्लब गयी थी।
