नीट धांधली पर बवाल: सीएम हाउस के घेराव में दिग्विजय समेत कई बड़े नेता गिरफ्तार, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

भोपाल। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ भोपाल में एनएसयूआई और कांग्रेस के प्रदर्शन ने शनिवार को उस समय उग्र रूप ले लिया, जब मुख्यमंत्री निवास के घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई बार वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया तथा प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक व झड़प की स्थिति बन गई।

आज एनएसयूआई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री निवास के घेराव के लिए मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नीट परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया।

स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार सहित कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पांच बार वाटर कैनन का उपयोग किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार नेताओं में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, सिलवानी विधायक एवं रायसेन जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल तथा विदिशा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी भी शामिल हैं। सभी को बस के माध्यम से रातीबड़ थाना ले जाया गया।

दिग्विजय सिंह की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया। प्रदर्शन और उग्र हो गया तथा पुलिस के साथ झड़प की स्थिति निर्मित हो गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस लाठीचार्ज में प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिद्धांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस बीच, रातीबड़ थाने में हिरासत के दौरान दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं ने शांतिपूर्ण विरोध जारी रखा। उन्होंने “रघुपति राघव राजा राम” भजन गाकर अपनी गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।

नीट पेपर लीक को लेकर चल रहा यह विवाद प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है और इस मुद्दे पर विपक्ष का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

Next Post

किराना दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त, आरोपी गिरफ्तार

Sat May 30 , 2026
सीधी। थाना कुसमी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए किराना दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब […]

You May Like