इंदौर:जीआरपी इंदौर प्रशासनिक कामकाज को डिजिटल बनाने की दिशा में आगे बढ़ गया है. जल्द ही ई-ऑफिस सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया.पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर कार्यालय में शुक्रवार को ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया. यह प्रशिक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल हेमंत चौहान के निर्देशन में हुआ, जिसमें कार्यालय की सभी शाखाओं के प्रभारी, स्टाफ और कर्मचारी शामिल हुए. प्रशिक्षण का पहला चरण एससीआरबी पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा ऑनलाइन कराया. इसके बाद जिला स्तर पर आदित्य शर्मा द्वारा ऑफलाइन प्रशिक्षण देकर ई-ऑफिस की पूरी कार्यप्रणाली समझाई गई.
इसमें फाइल प्रबंधन, डिजिटल पत्राचार और ऑनलाइन अनुमोदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई. अधिकारियों को बताया गया कि ई-ऑफिस लागू होने के बाद कागज पर होने वाला काम खत्म होगा और सभी फाइलें डिजिटल रूप से संचालित होंगी. इससे फाइलों का तेजी से निस्तारण होगा और रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस व्यवस्था से कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही तय होगी और समय की बचत भी होगी. साथ ही यह डिजिटल इंडिया और स्मार्ट गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने ई-ऑफिस की प्रक्रियाओं को समझा और इसे प्रभावी तरीके से लागू करने का भरोसा जताया. विभाग जल्द ही पूरी तरह इस सिस्टम को लागू करने की तैयारी में है.
