जावरा: महू-नीमच हाईवे रोड पर पुलिस बटालियन के सामने शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया, जहां एक मोटरसाइकिल पर सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को शाम करीब 4:43 बजे सूचना मिली कि दो व्यक्ति सडक़ किनारे गंभीर हालत में लहूलुहान पड़े हैं। सूचना मिलते ही जावरा शहर थाने की एफआरवी वाहन को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचे डायल-112 के स्टाफ आरक्षक जितेन्द्र व्यास और पायलट मंगलेश्वर सूर्यवंशी ने देखा कि मोटरसाइकिल दुर्घटना के कारण दोनों युवक सडक़ पर तड़प रहे थे, जिनमें से एक को बेहद गंभीर चोटें आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 के जवानों ने बिना वक्त गंवाए दोनों घायलों को अपने शासकीय वाहन में लिटाया और तत्काल शासकीय सिविल चिकित्सालय जावरा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू कर दिया है।
पिपलोदी के रहने वाले हैं घायल:पुलिस के अनुसार, घायलों के नाम कमलेश (45 ) और मन्नालाल हैं। दोनों पिता नंदाजी के पुत्र हैं और रिंगनोद थाने के ग्राम पिपलोदी के रहने वाले हैं। चश्मदीदों और अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अगर डायल-112 के जवान मौके पर पहुंचने और उन्हें अस्पताल ले जाने में थोड़ी भी देरी करते, तो स्थिति और बिगड़ सकती थी। पुलिस जवानों की इस त्वरित कार्यवाही और सूझबूझ की स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
