भाजपा ने कार्यकर्ताओं की मेहनत से किया शून्य से शिखर का सफरः सीएम

उज्जैन: भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन की ताकत से तय किया है. कार्यकर्ता केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन की धुरी हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है और पार्टी लगातार जनविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है.यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही. वे भाजपा के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के अंतर्गत उज्जैन में दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर रहे थे. प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन सिंहस्थ बायपास मार्ग स्थित राजाराम रिसॉर्ट में किया गया.

प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को होगा इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे. प्रशिक्षण वर्ग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन, विचारधारा, विकास और आगामी सिंहस्थ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की. सीएम ने कहा कि सत्ता और संगठन का समन्वय ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है. विचारधारा आधारित राजनीति के कारण ही भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन सकी है. कार्यक्रम में लगभग 200 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिनमें सांसद, विधायक, मंडल प्रभारी, जिला पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता शामिल रहे.
ट्रैवलर से पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री दिल्ली से इंदौर पहुंचे और इंदौर से उज्जैन सड़क मार्ग से आए खास बात यह यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन बचाने की अपील की थी ऐसे में मुख्यमंत्री काफिला छोड़कर चार गाड़ियों के माध्यम से पहुंचे जिसमें सीएम ने ट्रैवलर से उज्जैन तक यात्रा की.
उज्जैन के बदलते स्वरूप पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने उज्जैन के बदलते स्वरूप और महाकाल महाकुंभ की तैयारियों पर भी विशेष फोकस किया. उन्होंने कहा कि आने वाले सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में लगभग 30 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं. शहर में सड़कों का विस्तार, सिक्स लेन मार्ग, एलिवेटेड ब्रिज, फ्रीगंज ओवरब्रिज, एयरपोर्ट विस्तार, आईटी पार्क, मेडिकल कॉलेज, यूनिटी मॉल और हेलीपैड जैसे अनेक प्रकल्प तेजी से आकार ले रहे हैं
आगामी गतिविधियों को लेकर दिया मार्गदर्शन
प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, वैचारिक मजबूती और आगामी गतिविधियों को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया. पहले दिन के सत्र में राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेशनाथ, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलकी, मुकेश यादव जगदीश पांचाल, राजेंद्र भारती ,दिनेश जाटवा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

पहले दिन 155 शिक्षकों ने जांचीं करीब 3 हजार कॉपियां

Thu May 28 , 2026
रतलाम: माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा 2026 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की शुरुआत गुरुवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय स्थित मूल्यांकन केंद्र पर हुई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में मूल्यांकनकर्ताओं की मौजूदगी के बीच परीक्षा कॉपियों की जांच प्रक्रिया शुरू की गई। […]

You May Like